अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराने नेवसा में चला महाअभियान
जनपद पंचायत बिल्हा अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत लेकिन अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों को पूर्ण कराने के उद्देश्य से एनआरएलएम की विहान क्रेडर दीदियों द्वारा विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में विकासखंड बिल्हा के ग्राम पंचायत नेवसा में वर्ष 2016 से 2026 तक स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा हेतु विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। इस दौरान एफएलसीआरपी, आरबीके, सक्रिय महिला समूह की सदस्याएं, बैंक सखी, कृषि सखी, पशु सखी, आवास मित्र एवं पंचायत सचिव की संयुक्त टीम ने अपूर्ण और अप्रारंभ आवासों का घर-घर पहुंचकर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उन्हें 31 मार्च 2026 तक अपने आवास निर्माण कार्य को हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। टीम ने निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी भी ली तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। शासन-प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र हितग्राही आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे और सभी स्वीकृत आवास समयसीमा के भीतर पूर्ण हों।
नेवसा पंचायत में चलाए गए इस महाअभियान से अपूर्ण आवासों की प्रगति में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

