बिजली विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग, सैकड़ों ग्रामीणों ने हिर्री थाना पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
अमन साहू की संदिग्ध मौत का मामला: पीएम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने का थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन, कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी।
बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित विद्युत सब स्टेशन में कार्यरत ऑपरेटर अमन साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में न्याय और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्राम दनदन एवं कुरेली के सैकड़ों ग्रामीणों ने हिर्री थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दनदन, तखतपुर निवासी अमन साहू वर्ष 2013 से ग्राम कुरेली स्थित विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। बताया गया है कि 31 अक्टूबर की सुबह वे सब स्टेशन में अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
इस मामले में जिला पंचायत बिलासपुर की सभापति अंबिका विनोद साहू एवं ग्राम दनदन निवासी श्याम मूर्त कौशिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कांग्रेस नेता ने ग्रामीणों के साथ न्याय की मांग उठाई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार की लापरवाही के कारण अमन साहू की मौत हुई है। बताया गया है कि बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता मिलिंद पांडेय, सहायक अभियंता (AE) लव माथुर, कनिष्ठ अभियंता दीप्ति जायसवाल एवं तकनीकी सहायक चेतनानंद दुबे द्वारा लिखित रूप में यह स्वीकार किया गया है कि ऑपरेटर अमन साहू की मौत बिजली विभाग की लापरवाही से हुई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पीएम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर हिर्री थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा ने आश्वासन दिया कि अमन साहू की पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट आने के तत्काल बाद जांच के आधार पर दोषी एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे पीएम रिपोर्ट आने तक इंतजार करेंगे। यदि रिपोर्ट आने के बाद भी जिम्मेदार बिजली अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अमन साहू की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए तथा दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
ग्रामीण संवाद न्यूज | बिलासपुर
