अरपा तट पर आस्था का उमड़ा जनसैलाब, छठी मैया के जयकारों से गूंजा तोरवा छठ घाट

0
IMG-20261116-WA0169

बिलासपुर। लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रविवार को अरपा नदी के तट स्थित तोरवा छठ घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचे। छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से पूरा घाट गूंज उठा।

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का घाट पर पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर बाद घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सिर पर दउरा और हाथों में पूजा सामग्री से सजे सूप लेकर घाट पहुंचीं। फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और दीपों से सजे पूजा स्थलों ने घाट की सुंदरता को और बढ़ा दिया।

जैसे-जैसे सूर्यास्त का समय नजदीक आया, श्रद्धालु अरपा नदी के जल में खड़े होकर भगवान सूर्यदेव के दर्शन और अर्घ्य अर्पित करने की तैयारी में जुट गए। सूर्य की लालिमा के बीच व्रतियों ने विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस वर्ष मौसम साफ रहने से श्रद्धालुओं को सूर्य दर्शन और संध्या अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष बारिश के कारण श्रद्धालुओं को सूर्य दर्शन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार अनुकूल मौसम ने छठ पूजा के उत्साह को और बढ़ा दिया।

तोरवा छठ घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर बिलासपुर में छठ महापर्व की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed