शासकीय जमीन पर खुलेआम सौदा नवागांव कुदरी चौक में पट्टे की भुमि की खरीद फरोख्त, जनदर्शन में होगी शिकायत ।

नकुल दास मानिकपुरी रतनपुर
रतनपुर… सरकारी जमीन पर कब्जा और अवैध लेन-देन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सामने आया है कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तेंदुभाठा के आश्रित ग्राम नवागांव के कुदरी चौक का, जहां शासकीय पट्टे पर दी गई भूमि की खरीद-बिक्री का खेल बेखौफ चल रहा है। यह मामला अब जनदर्शन में पहुंचने वाला है, जहां इसकी शिकायत कलेक्टर से की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, जिस भूमि को शासन द्वारा विशेष पात्रता के आधार पर पट्टे में आवंटित किया गया था, उसे कुछ व्यक्तियों द्वारा नियमों को दरकिनार करते हुए खरीदा-बेचा गया है। गौरतलब है कि यह भूमि अहस्तांतरित शासकीय भूमि है, जिसकी न तो बिक्री संभव है और न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य वैध होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब कुछ पंचायत, राजस्व विभाग और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है। जबकि शासन लगातार शासकीय भूमि की सुरक्षा और अवैध कब्जों को रोकने के लिए अभियान चला रहा है। इसके बावजूद, कुदरी चौक में शासकीय भूमि के नाम पर खुलेआम सौदा किया जा रहा है।

इस पूरे प्रकरण को लेकर जागरूक ग्रामीणों द्वारा अब कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो ऐसे मामलों से शासन की मंशा और व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगना तय है।
क्या कहते हैं नियम–
राजस्व संहिता और भूमि सुधार अधिनियम के तहत अहस्तांतरित शासकीय भूमि को किसी भी परिस्थिति में खरीदा या बेचा नहीं जा सकता। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है, जिसमें न सिर्फ जमीन जब्त की जा सकती है, बल्कि दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज हो सकती है।
अब जनदर्शन की आस
ग्रामीणों को उम्मीद है कि कलेक्टर जनदर्शन में इस गंभीर मामले पर प्रशासन सजगता दिखाएगा और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।यह प्रकरण सिर्फ नवागांव का नहीं बल्कि ऐसे सैंकड़ों मामला शासन के नाक के निचे फल- फूल रहे है।

