प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य में रोड़ा बने जनप्रतिनिधि ठेकेदार को मिली जान से मारने की धमकी ।
बिलासपुर – गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान निर्माण का कार्य कर रहे एक ठेकेदार को दबंगों द्वारा रोक-टोक और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। मामला बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र का है, जहाँ संजय कुमार यादव (45 वर्ष) ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी है।
संजय यादव का कहना है कि उन्हें शासन द्वारा विधिवत अनुमति और 3,09,200 रुपये की राशि जमा कर अनुज्ञप्ति प्रदान की गई थी। इसके बाद भी जब वे रेत का परिवहन कर निर्माण कार्य आगे बढ़ा रहे थे, तभी क्षेत्र के ही सचिन साहू और उसके साथियों ने जबरन रेत उठाने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ठेकेदार ने भावुक शब्दों में लिखा है कि यह योजना गरीबों की छत मुहैया कराने के लिए चलाई जा रही है, लेकिन दबंगई और अवैध वर्चस्व के चलते कार्य अधर में अटका पड़ा है। इतना ही नहीं, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में भी आरोपियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया।
संजय यादव का कहना है कि यदि ऐसी स्थिति बनी रही तो न केवल उनके जीवन पर संकट मंडराएगा, बल्कि गरीब परिवारों का सपना भी अधूरा रह जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी से करुण अपील की है कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना को निर्बाध रूप से आगे बढ़ने दिया जाए।
👉 गरीबों की छत का सपना जब दबंगई की भेंट चढ़ रहा है, तब सवाल उठता है – क्या जरूरतमंदों को उनका हक मिल पाएगा?

