नवागांव मल्हार राज में विश्व आदिवासी दिवस सम्मेलन आयोजित, कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया और सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि रहे मौजूद ।
मल्हार : 26 अगस्त 2026 बुधवार कोविश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज ग्राम नवागांव मल्हार राज की ओर से एक भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में स्थानीय क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और आदिवासी अधिकारों को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया,

जिला पंचायत सदस्य शतकली वावरे, जनपद पंचायत सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे, मल्हार मंडल अध्यक्ष रघुराज पांडेय, कांग्रेस के युवा नेता पिंटू जांगडे, निलेश कैवर्त, कांग्रेस प्रवक्ता गणेशदत्त राजू तिवारी, मल्हार नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी कैवर्त और सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी शामिल हुए।
सम्मेलन की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों और आदिवासी नायकों को नमन करने के साथ हुई। सर्व आदिवासी समाज ग्राम नवागांव मल्हार राज के सदस्यों ने आंगतुक अतिथियों का स्वागत पारंपरिक पगड़ी और गमछे से किया।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया ने अपने संबोधन में आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने समाज के उत्थान, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर भी बात की।

सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि अपनी संस्कृति और हक की लड़ाई के लिए समाज को एकजुट रहना होगा। युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के अंत में पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
