ऐतिहासिक नगरी मल्हार में मोती सागर के जीर्णोद्धार की अनूठी पहल, युवा पार्षद कमलेश सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान का शुभारंभ

0
IMG-20260930-WA0249


गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट
मल्हार :सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए प्रसिद्ध मल्हार गढ़ के प्राचीन तालाबों के संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया गया है। कभी बदहाली और गंदगी के आगोश में समा चुके ऐतिहासिक मोतीसागर तालाब की सूरत बदलने के लिए जनभागीदारी और युवा शक्ति ने कमर कस ली है। नगर पंचायत मल्हार के वार्ड क्रमांक 05 के ऊर्जावान पार्षद कमलेश सिंह (गोलू भाई) एवं उनके सहयोगियों के नेतृत्व में इस पवित्र तालाब के वृहद सफाई अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।


विलुप्त होती धरोहरों को बचाने का संकल्प
कहा जाता है कि पुराने समय में मल्हार की मुख्य पहचान ‘छै सागर छै कोरी’ (126 तालाब) से हुआ करती थी। लेकिन समय के साथ व्यक्तिगत स्वार्थ और उपेक्षा के चलते ये तालाब धीरे-धीरे विलुप्त होते चले गए। इसी कड़ी में कभी आस्था का केंद्र रहा मोतीसागर तालाब कचरे और बदबू के ढेर में तब्दील हो चुका था, जिससे वहां से गुजरने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पवित्र कुंड से जुड़ा है ऐतिहासिक महत्व
बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों के अनुसार, मोतीसागर मात्र एक जलाशय नहीं बल्कि एक पवित्र कुंड है। मान्यता है कि प्रसिद्ध देउर मंदिर के शिवलिंग के जलाभिषेक का पवित्र जल इसी तालाब में संग्रहित होता था। एक समय था जब इसका पानी इतना स्वच्छ था कि बच्चे यहां तैरना सीखते थे और लोग अंजलि में भरकर इसका पानी पीते थे।


दम तोड़ती उम्मीदों को मिले पंख
इस ऐतिहासिक धरोहर की दुर्दशा को देखते हुए नगरवासियों की उम्मीदें टूट चुकी थीं, लेकिन पार्षद कमलेश सिंह और क्षेत्र की युवा शक्ति ने इस नेक कार्य का बीड़ा उठाकर दम तोड़ रही संभावनाओं को नया जीवन दे दिया है। युवाओं को स्वच्छता की ओर आकर्षित और सक्रिय देखकर जागरूक नागरिकों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की है।
जनप्रतिनिधियों और जनता से अपील
इस अभियान की शुरुआत के बाद स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों का मानना है कि यदि मल्हार के समर्थ जनप्रतिनिधि एक-एक तालाब के संरक्षण की जिम्मेदारी उठा लें, तो मल्हार गढ़ का गौरव फिर से लौट आएगा। इस ऐतिहासिक कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोगी बनना हर नागरिक का परम कर्तव्य है!
क्योंकि जैसा कि कवि ने कहा है:
” एक चिंगारी कहीं से ढूंढ लाओ दोस्तों, इस दिए में तेल से भीगी हुई बाती तो है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed