ग्राम सरहरगढ़ में 25 अक्टूबर को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन
साहू समाज के डॉक्टर देंगे निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, रक्तदाताओं को हेलमेट एवं प्रमाण पत्र देकर किया जाएगा सम्मानित
अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के तत्वावधान में साहू समाज के पदाधिकारियों के सहयोग से 25 अक्टूबर 2026, रविवार को ग्राम सरहरगढ़ में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से कबीर आश्रम, ग्राम सरहरगढ़, बाराद्वार, जिला शक्ति (छत्तीसगढ़) में किया जाएगा।

इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। शिविर में साहू समाज से जुड़े चिकित्सकों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। साथ ही रक्तदान करने वाले दाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए निःशुल्क हेलमेट एवं प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के आयोजन में साहू समाज के विभिन्न पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जांजगीर-चांपा जिला एवं शक्ति जिले के संयोजक तथा कार्यकारी अध्यक्ष अशोक साहू एवं परिक्षेत्रीय अध्यक्ष रामरतन साहू के नेतृत्व में शिविर की तैयारियां की जा रही हैं।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा चिकित्सा प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. आशा गुप्ता, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. आकांक्षा साहू, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. जीवन लाल साहू, डॉ. यशस्वी साहू, डॉ. आशा साहू, डॉ. यमक साहू एवं डॉ. दीपक साहू सहित अन्य चिकित्सकों की सहभागिता का उल्लेख किया गया है।
आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श का लाभ लें तथा स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।
